Donald Trump के ‘नरक’ वाले विवादित पोस्ट पर भारत का जवाब, जाने विदेश मंत्रालय ने क्या कहा…
BE NEWS: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा सोशल मीडिया पर एक विवादास्पद लेख साझा किए जाने के बाद भारत में राजनीतिक और कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस लेख में भारत और चीन की तुलना ‘धरती पर नरक’ (Hell on Earth) से की गई थी। इस मामले पर भारत सरकार की ओर से पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

विदेश मंत्रालय का रुख, ‘हमने रिपोर्ट्स देखी हैं’
बता दें कि भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान इस मुद्दे पर संक्षिप्त टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस मामले से जुड़ी रिपोर्ट्स और ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट से अवगत है। हालांकि, जायसवाल ने इस मुद्दे पर किसी भी तरह की तीखी प्रतिक्रिया या विस्तृत टिप्पणी करने से फिलहाल परहेज किया। कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि भारत इस मामले को संभलकर देख रहा है ताकि द्विपक्षीय संबंधों पर सीधा असर न पड़े।

क्या था ट्रंप का विवादित पोस्ट?
डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपने प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ (Truth Social) पर लेखक माइकल सैवेज का एक लेख री-शेयर किया था। यह लेख मुख्य रूप से अमेरिका में ‘बर्थ राइट सिटीजनशिप’ (जन्म के आधार पर नागरिकता) और प्रवासियों के मुद्दे पर केंद्रित था। जिसमें जन्म के आधार पर नागरिकता (birthright citizenship) को लेकर तीखी टिप्पणी की गई थी। लेख में दावा किया गया कि इस कानून का फायदा उठाकर विदेशी परिवार अमेरिका आते हैं और बाद में अपने रिश्तेदारों को भी बुला लेते हैं। इसी दौरान भारत और चीन को आपत्तिजनक शब्दों में संबोधित किया गया। ट्रंप द्वारा इस लेख को साझा किए जाने को प्रवासियों के प्रति उनके सख्त रुख और आगामी राजनीतिक विमर्श से जोड़कर देखा जा रहा है।
भारत में सियासी उबाल
ट्रंप (Donald Trump) के इस कदम पर भारत में विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भारत जैसी उभरती शक्ति और अमेरिका के रणनीतिक साझेदार के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल अपमानजनक है। विपक्ष ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्यक्तिगत स्तर पर इस मुद्दे को अमेरिकी प्रशासन के सामने उठाना चाहिए और कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए।