Israel Lebanon Attack: लेबनान में इजरायल का भीषण हमला, PM नवाफ सलाम ने की संघर्ष विराम में लेबनान को शामिल करने की अपील
Israel Lebanon Attack: मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों को उस समय बड़ा झटका लगा, जब ईरान और अमेरिका के बीच हुए संघर्षविराम (Ceasefire) के महज़ 24 घंटों के भीतर इज़रायल ने लेबनान पर अब तक का सबसे घातक हमला बोल दिया। इस हमले ने पिछले 30 सालों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, इज़रायली बमबारी में 254 लोगों की जान चली गई है, जबकि 1100 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
संघर्षविराम में लेबनान को शामिल करने की अपील
आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट में एक बार फिर हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। नवाफ सलाम के नेतृत्व वाली लेबनान सरकार पर इजरायली हमलों के बाद भारी दबाव है। इसी बीच सलाम ने शहबाज शरीफ को फोन कर ईरान-अमेरिका संघर्ष विराम में लेबनान को शामिल करने की अपील की है।

संघर्षविराम के बीच लेबनान बना युद्ध का मैदान
हैरानी की बात यह है कि एक तरफ ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम करने के लिए संघर्षविराम पर सहमति बनी, वहीं दूसरी ओर इज़रायल ने लेबनान को इस समझौते से बाहर रखते हुए अपने हमले और तेज कर दिए। इज़रायल का दावा है कि वह लेबनान में मौजूद ईरान समर्थित लड़ाकों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर रहा है। लेकिन मलबे में तब्दील होती इमारतें और बढ़ती लाशों की संख्या ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है।
लेबनान के PM ने पाकिस्तान से मांगी मदद
लेबनान (Israel Lebanon Attack) में बढ़ते जन आक्रोश और तबाही के बीच प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने अंतरराष्ट्रीय मोर्चाबंदी शुरू कर दी है। उन्होंने अपने पाकिस्तानी समकक्ष शहबाज शरीफ को फोन कर इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। सलाम ने मांग की है कि इस्लामाबाद यह सुनिश्चित करे कि ईरान-अमेरिका युद्धविराम में लेबनान को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि निर्दोष लोगों का कत्लेआम रुक सके।

ईरान की दोटूक: “हमारी उंगलियां अभी भी ट्रिगर पर हैं”
इजरायली हमलों से भड़के ईरान ने कड़ी चेतावनी जारी की है। ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने इसे ‘धोखेबाज़ी’ करार देते हुए कहा कि लेबनान में इज़रायल (Israel Lebanon Attack) की घुसपैठ संघर्षविराम समझौते का खुला उल्लंघन है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, “ईरान अपने लेबनानी भाई-बहनों को अकेला नहीं छोड़ेगा। अगर ये हरकतें जारी रहीं तो बातचीत बेमानी हो जाएगी। हमारी उंगलियां अभी भी ट्रिगर पर ही हैं।” वहीं, ईरान के संसदीय अध्यक्ष ने भी लेबनान को “युद्धविराम का अभिन्न अंग” बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया की धमकी दी है।

इज़रायल और अमेरिका का रुख
इज़रायल और अमेरिका ने स्पष्ट कर दिया है कि वर्तमान युद्धविराम में लेबनान को शामिल नहीं किया गया है। इज़रायली रक्षा बलों का कहना है कि वे अपने देश की सुरक्षा के लिए लेबनान में सैन्य ऑपरेशन जारी रखेंगे।
इस भीषण हमले के बाद मिडिल ईस्ट में एक बार फिर पूर्ण युद्ध (Full-scale war) का खतरा मंडराने लगा है। अब सबकी निगाहें अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर टिकी हैं कि क्या वे इज़रायल को रोकने और लेबनान को बचाने में सफल हो पाते हैं या नहीं। Read More Israel Lebanon Attack: लेबनान में इजरायल का भीषण हमला, PM नवाफ सलाम ने की संघर्ष विराम में लेबनान को शामिल करने की अपील