IPL 2026:वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी आरसीबी, ऑरेंज कैप पर कब्जा और विराट कोहली का ‘स्पेशल ऑटोग्राफ’ बना चर्चा का विषय

IPL 2026: आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से वो गदर मचाया कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का पूरा गेंदबाजी आक्रमण पस्त नजर आया। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के लिए वैभव ने ऐसी तूफानी पारी खेली कि मैच पावरप्ले में ही आरसीबी की मुट्ठी से फिसल गया।

Image
वैभव सूर्यवंशी
भुवी और हेजलवुड की बेरहमी से कुटाई

बता दें कि आईपीएल 2026 (IPL 2026) में एक नया सितारा तेजी से उभरकर सामने आया है। 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। बाएं हाथ के इस ओपनर ने अनुभवी जोश हेजलवुड और ‘स्विंग के सुल्तान’ भुवनेश्वर कुमार को अपना निशाना बनाया। वैभव ने हेजलवुड के एक ही ओवर में 18 रन बटोरे, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था। अगले ही ओवर में उन्होंने भुवी की गेंदों पर 2 गगनचुंबी छक्के जड़कर 16 रन कूट डाले। वैभव ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर बरसापारा स्टेडियम में दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

Image

300 की स्ट्राइक रेट से ’78’ रनों का तूफान

इस अर्धशतक के बाद भी वैभव का बल्ला शांत नहीं हुआ। वह आउट होने से पहले 26 गेंदों में 78 रन की ऐसी आतिशी पारी खेल गए, जिसने राजस्थान की जीत की राह आसान कर दी। उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे, जहां उनका स्ट्राइक रेट पूरे 300.00 का रहा। आखिरकार, विराट कोहली ने लॉन्ग ऑन पर उनका कैच लपक कर इस तूफान को रोका। मैच के बाद कोहली खुद भी इस युवा खिलाड़ी की प्रतिभा देख गदगद नजर आए और उन्हें शाबासी दी।

Image

इतिहास के पन्नों में दर्ज हुए वैभव सूर्यवंशी

अपनी (IPL 2026) इस पारी के साथ वैभव ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी है:-

1.तीसरे सबसे तेज भारतीय: वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय बन गए हैं। खास बात यह है कि 2026 के सीजन में वह दो बार 15 गेंदों में पचासा ठोक चुके हैं।

2. बटलर के बराबर पहुंचे: राजस्थान रॉयल्स के लिए पावरप्ले (पहले 6 ओवर) में 3 बार 50+ स्कोर बनाकर उन्होंने जोस बटलर की बराबरी कर ली है।

3. सब-20 क्लब में एंट्री: 20 से कम गेंदों में 3 बार 50+ स्कोर बनाने के मामले में वह अब ट्रेविस हेड और जेक फ्रेजर-मैकगर्क जैसे दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

किंग कोहली का ‘स्पेशल मैसेज’ और ऑरेंज कैप का गौरव

मैच खत्म होने के बाद मैदान पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया। राजस्थान रॉयल्स की जीत के असली हीरो रहे 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए न केवल ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, बल्कि वह अब आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनकर ऑरेंज कैप के हकदार भी बन गए हैं।

Image

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद जब वैभव ‘किंग’ विराट कोहली से मिले, तो कोहली ने खेल भावना की एक मिसाल पेश की। अपनी टीम की हार के बावजूद, विराट ने इस युवा खिलाड़ी की कैप पर अपना ऑटोग्राफ दिया और उस पर चार शब्दों का एक बेहद खास संदेश लिखा- “डियर वैभव ‘वेल डन’ (Dear Vaibhav ‘Well Done’)”। राजस्थान रॉयल्स द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई यह तस्वीर अब तेजी से वायरल हो रही है। Read More IPL 2026:वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ी आरसीबी, ऑरेंज कैप पर कब्जा और विराट कोहली का ‘स्पेशल ऑटोग्राफ’ बना चर्चा का विषय