Republic Day of India: 77वां गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर भारत की ताकत और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, यूरोपीय संघ के शीर्ष नेता बने मुख्य अतिथि
Republic Day of India – भारत आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। इस मौके पर राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत सुबह 9:30 बजे हुई। करीब 90 मिनट तक चलने वाले इस समारोह में भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत, सैन्य शक्ति और विकास यात्रा की झलक देखने को मिली।
यूरोपीय संघ के शीर्ष नेता बने मुख्य अतिथि
बता दें कि दिल्ली में इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की थीम वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर रखी गई है। खास बात यह है कि पूरी दुनिया के सामने वंदे मातरम् की 150 साल की ऐतिहासिक यात्रा और हालिया सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की गाथा भी प्रदर्शित की गई। गणतंत्र दिवस 2026 के मुख्य अतिथि के रूप में यूरोपीय काउंसिल के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन शामिल हुए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समारोह की अध्यक्षता की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कर्तव्य पथ पर पहुंचते ही 21 तोपों की सलामी
राष्ट्रपति के कर्तव्य पथ पर पहुंचते ही 21 तोपों की सलामी दी गई और राष्ट्रगान के साथ आधिकारिक रूप से समारोह शुरू हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।

परेड में आत्मनिर्भर भारत की झलक
इस वर्ष की परेड तकनीक, सैन्य क्षमता और आत्मनिर्भर भारत की झलक से भरपूर रही। परेड में आकाश मिसाइल सिस्टम, शक्तिबाण, स्वदेशी रोबोटिक म्यूल्स और UGV, भारतीय सेना की पहली बार युद्धक्षेत्र जैसी फॉर्मेशन में मार्चिंग, तीनों सेनाओं की संयुक्त झांकी में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की विजयगाथा, पूर्व सैनिकों की विशेष झांकी, जिसका थीम रहा ‘संग्राम से राष्ट्रनिर्माण तक’, वंदे मातरम् के छंदों पर आधारित 1923 की ऐतिहासिक पेंटिंग सीरीज ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

31 जनवरी तक भारत पर्व का आयोजन
गणतंत्र दिवस के साथ ही दिल्ली के लाल किले पर आज से 31 जनवरी तक ‘भारत पर्व’ का आयोजन शुरू हो गया है। यह छह दिवसीय उत्सव भारत की सांस्कृतिक, कलात्मक और आध्यात्मिक विरासत को समर्पित है। कार्यक्रम का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया।
ये भी देखें – Republic Day Parade 2026 LIVE: भारत के 77वें गणतंत्र दिवस की परेड कर्तव्य पथ से LIVE | BE News

देशभर में फहराया गया तिरंगा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश के सभी राज्यों में राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों ने तिरंगा फहराया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित कई नेताओं ने समारोहों में भाग लिया। गणतंत्र दिवस 2026 का यह आयोजन भारत की एकता, शक्ति और गौरव का भव्य प्रतीक बनकर सामने आया। Read More Republic Day of India: 77वां गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर भारत की ताकत और संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, यूरोपीय संघ के शीर्ष नेता बने मुख्य अतिथि