महाराष्ट्र की रीजनीति में बड़ा फेरबदल, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे 20 साल बाद फिर एक साथ
BE NEWS – उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने 20 साल बाद एक बार फिर से साथ आ गए है। जिसके बाद दोनों भाईयों ने बीएमसी का चुनाव साथ लड़ने का ऐलान किया है। महाराष्ट्र की सियासत में ये बड़ा फेरबदल बीजेपी व शिंदे गठबंधन के मुश्किलें बढ़ा सकता है।
20 साल बाद एक बार फिर से साथ
आपको बता दें कि महाराष्ट्र की रीजनीति में एक बार फिर से फेरबदल देखने को मिल रहा है। ठाकरे बंधुओं ने बड़ा फैसला लेकर सबको चौंका दिया है। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने 20 साल बाद एक बार फिर से साथ आने का फैसला किया है। जिसके बाद शिवसेना (UBT) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने बीएमसी का चुनाव साथ लड़ने का ऐलान किया है।

साल 2006 में अलग हुए थे राज ठाकरे
राज ठाकरे साल 2006 में शिवसेना से अलग हुए थे। तब से दोनों भाई अलग-अलग राजनीतिक रास्तों पर थे और पिछले दो दशकों में मराठी वोट बैंक बंटता रहा, जिसका फायदा अक्सर दूसरी पार्टियों को मिलता था। अब दोनों का एक मंच पर आना न सिर्फ ठाकरे परिवार के लिए, बल्कि पूरी महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है।
एक साथ रहने के लिए साथ आए हैं- उद्धव ठाकरे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, “आज हम दोनों भाई साथ हैं। हमारी सोच एक है। हम एक साथ आए हैं और एक साथ रहने के लिए आए हैं। संयुक्त महाराष्ट्र की लड़ाई के लिए हम साथ हैं। यह महाराष्ट्र के लिए बड़ा संघर्ष है।”

भाजपा पर साधा निशाना
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे कुछ लोग मुंबई को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने चेतावनी दी कि अगर मुंबई को महाराष्ट्र या मराठी मानुस से अलग करने की कोशिश की गई, तो उसका राजनीतिक रूप से करारा जवाब दिया जाएगा। यह शपथ लेकर ही हम साथ आये है। उन्होंने कहा कि यह समय आपसी लड़ाई का नहीं, बल्कि एकजुट होने का है।
मुंबई का मेयर मराठी ही होगा- राज ठाकरे
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी मंच से साफ शब्दों में कहा कि कोई भी व्यक्तिगत या राजनीतिक झगड़ा मुंबई और महाराष्ट्र से बड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, “आज हम दोनों भाई साथ हैं। सीटों का बंटवारा मायने नहीं रखता, लेकिन इतना तय है कि मुंबई का मेयर मराठी ही होगा और हमारा ही होगा।”
बालासाहेब ठाकरे को दी श्रद्धांजलि
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे दोनों ही नेता अपनी-अपनी पत्नियों के साथ शिवाजी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे और राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे भी मौजूद थे।