Indigo Flight Bomb Threat: दिल्ली से उड़ान भरने वाले इंडिगो विमान को बम से उड़ाने की मिली धमकी, टिशू पेपर पर लिखा मिला नोट..
BE NEWS – दिल्ली से उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान मिली धमकी के बाद विमान को तुरंत लखनऊ की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
लखनऊ की ओर किया गया डायवर्ट
दरअसल बता दें किदिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E 6650 को उड़ान के दौरान बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए विमान को तत्काल लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया, जहां सुबह 9:17 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस फ्लाइट में कुल 222 यात्री, 8 बच्चे, 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर्स सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। सभी को बाहर निकाल लिया गया है।
ये भी देखें – Today Breaking News ! आज 19 जनवरी 2026 के मुख्य समाचार बड़ी खबरें | TOP 25 | BE NEWS

टॉयलेट में मिले टिशू पेपर पर लिखी धमकी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विमान के टॉयलेट में एक टिशू पेपर मिला था, जिस पर हाथ से लिखा था, “प्लेन में बम है।” इस सूचना के मिलते ही क्रू ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट किया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, कल सुबह करीब 8:46 बजे ATC को बम की धमकी की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद विमान को लखनऊ में सुरक्षित उतारने का निर्णय लिया गया।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान को आइसोलेशन-वे में ले जाया गया। बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान, यात्रियों के सामान और पूरे केबिन की गहन जांच की और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पूरे मामले की गंभीरता से की जा रही जांच
एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि, “धमकी की पुष्टि टॉयलेट में मिले टिशू पेपर से हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है।” वहीं इस घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जबकि यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।