दीप्ति शर्मा बनीं दुनिया की नंबर-1 टी20 गेंदबाज, भारतीय खिलाड़ियों को रैंकिंग में मिला बड़ा फायदा
BE NEWS – इंडियन वुमेन क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा को आईसीसी की ताजा टी-20 रैंकिंग में पहला स्थान मिल गया है। सिर्फ एक प्वाइंट के अंतर से दीप्ती ने एनाबेल सदरलैंड को पहले स्थान से हटाया है।
एक बार फिर देश का नाम किया रोशन
आपको बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। आईसीसी द्वारा मंगलवार को जारी की गई ताजा टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। 28 वर्षीय दीप्ति ने यह मुकाम ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ते हुए पाया है।
श्रीलंका के खिलाफ रविवार को खेले गए पहले टी20 मुकाबले में दीप्ति ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 20 रन देकर एक विकेट लिया था। उनका यही प्रदर्शन रैंकिंग में टॉप पर पहुंचने के लिए निर्णायक साबित हुआ। दीप्ति अब 737 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं और उन्होंने सदरलैंड को महज एक अंक के अंतर से पीछे छोड़ा है।
अन्य भारतीय खिलाड़ियों को भी फायदा
टी20 रैंकिंग में दीप्ति के अलावा अन्य भारतीय खिलाड़ियों की स्थिति में भी सुधार देखने को मिला है। तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने पांच स्थान की छलांग लगाते हुए 36वां स्थान हासिल किया है। वहीं युवा स्पिनर श्रीचरणी ने 19 पायदान की बड़ी छलांग लगाकर 69वें नंबर पर जगह बना ली है।
पहले टी20 मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं जेमिमा रोड्रिग्स को भी अपने शानदार प्रदर्शन का प्राईज मिला है। उन्होंने 44 गेंदों में 69 रनों की अहम पारी खेली थी, जिसके चलते वह बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं। स्मृति मंधाना तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं और वह टी20 में भारत की शीर्ष बल्लेबाज हैं, जबकि शेफाली वर्मा भी आगे बढ़ते हुए 10वें स्थान पर आ गई हैं।
ये भी देखें- Rahul Gandhi ने विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र और चुनावी सिस्टम पर उठाए सवाल | Germany | BE News
वनडे रैंकिंग में मंधाना को झटका
हालांकि टी20 में शानदार स्थिति के बावजूद वनडे रैंकिंग में स्मृति मंधाना को नंबर-1 स्थान गंवाना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोलार्ड्ट ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। वोलार्ड्ट ने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 124 और नाबाद 100 रनों की पारियां खेलीं।