Amla Murabba: सर्दियों में सेहत का खजाना है आंवले का मुरब्बा, जानें इसे घर पर बनाने की आसान सी रेसिपी….
BE NEWS – आयुर्वेद में आंवले को प्रकृति का वरदान कहा जाता है। ये शरीर को इम्यूनिटी देता है। इसके साथ ही ये स्किन, आंखों और बालों को लिए भी बहुत ही अच्छा माना जाता है। सर्दियों के इस मौसम में आंवले को खूब पसंद भी किया जाता है।
आंवला को विटामिन-सी का सोर्स
आपको बता दें कि आंवले को विटामिन-सी का सोर्स माना जाता है। यह न सिर्फ शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत करता है, बल्कि पाचन तंत्र को सुरक्षित रखने, त्वचा में निखार लाने और बालों को स्वस्थ बनाने में भी मदद करता है। यही वजह है कि पुराने समय से दादी-नानी सर्दियों में आंवले का मुरब्बा बनाकर रखा करती थीं, ताकि पूरे मौसम इसके फायदों का आनंद लिया जा सके।
आज भी आंवला मुरब्बा कई घरों में बड़े स्वाद से खाया जाता है। इसका मीठा-खट्टा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अगर आप भी घर पर शुद्ध और स्वादिष्ट आंवला मुरब्बा बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आएगी।
ये भा देखें- Bangladesh में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर Ramdas Athawale का बड़ा बयान | BE News

आंवला मुरब्बा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
1. आंवला – 20 से 25
2. चीनी – तीन कप, अपने स्वादानुसार कम-ज्यादा कर सकते हैं।
3. इलायची पाउडर – ¼ छोटा चम्मच
4. केसर के धागे – ½ चुटकी

आंवला मुरब्बा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले ताजे और हरे आंवलों का चयन करें। उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और फिर सूती कपड़े से पोंछकर सुखा लें। अब कांटे या चाकू की मदद से आंवलों को चारों ओर से हल्का-हल्का गोद लें, ताकि चाशनी अच्छे से अंदर तक जा सके। इसके बाद एक कड़ाही में 4–5 कप पानी डालकर करीब 10 मिनट तक इसे तेज आंच पर उबालें। जब आंवले हल्के नरम हो जाएं, तो गैस बंद कर दें और उन्हें पानी से निकाल लें।

अब एक अलग बर्तन में 3 कप पानी और चीनी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए और हल्की चाशनी तैयार हो जाए, तो इसमें उबले हुए आंवले डाल दें। गैस की आंच धीमी कर दें और आंवलों को चाशनी में 30 से 40 मिनट तक पकने दें। जब आंवले पूरी तरह नरम हो जाएं और चाशनी गाढ़ी होने लगे, तो गैस बंद कर दें। आखिर में इलायची पाउडर और केसर के धागे डालकर अच्छी तरह मिला लें। मुरब्बा ठंडा होने के बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर स्टोर करें। इसे आप साल भर तक स्टोर करके रख सकते हैं।