प्रभास की फिल्म ‘द राजा साहब’ हुई रिलीज, थिएटर में मगरमच्छ लेकर पहुंचे फैंस को देखकर लोग हुए हैरान, वीडियो वायरल
BE NEWS – दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ‘द राजा साहब’ सिनेमाघरों में आज रिलीज हो गई है। फिल्म के रिलीज होते ही दर्शकों का जोश इस कदर देखने को मिला कि सिनेमा हॉल के भीतर मगरमच्छ लेकर पहुंच गए।
थिएटर में दिखा प्रभास का क्रेज
आपको बता दें कि सुपरस्टार प्रभास की फिल्म ‘द राजा साहब’ आखिरकार 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। जिसका क्रेज फैंस में इस कदर देखने को मिला कि, फिल्म के ट्रेलर से प्रेरित होकर कुछ फैंस ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने हर किसी को चौंका दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ दर्शक सिनेमा हॉल के भीतर नकली मगरमच्छ लेकर पहुंच गए और उन्हें सिर पर उठाकर दौड़ते नजर आए। यह पूरा स्टंट ट्रेलर के उस सीन से इंस्पायर्ड था, जिसमें प्रभास का किरदार लड़ाई के दौरान मगरमच्छ फेंकता है।
हालांकि ये मगरमच्छ नकली थे, लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम से थिएटर में मौजूद अन्य दर्शकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को प्रभास की जबरदस्त फैन फॉलोइंग का एक और उदाहरण बताया जा रहा है।
ये भी देखें- Land for Job Case में बड़ा भूचाल! लालू परिवार पर चलेगा भ्रष्टाचार का मुकदमा | BE News
भूल भुलैया से तुलना पर मेकर्स का बयान
फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर इसकी तुलना अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म भूल भुलैया से होने लगी। इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए निर्माता टी. जी. विश्व प्रसाद ने साफ कहा कि ‘द राजा साहब’ एक बिल्कुल अलग और काल्पनिक दुनिया में बनाई गई कहानी है। उन्होंने बताया कि फिल्म का कॉन्सेप्ट, ट्रीटमेंट और विजुअल्स पूरी तरह यूनिक हैं और इसका किसी फिल्म से कोई संबंध नहीं है।
पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत
शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, द राजा साहब ने पहले दिन सभी भाषाओं में लगभग 8.26 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है। फिल्म को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में पैन-इंडिया रिलीज किया गया है, जिसका फायदा ओपनिंग कलेक्शन में साफ नजर आ रहा है।
फिल्म में दमदार स्टारकास्ट
मारुति के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, बोमन ईरानी, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन और रिद्धि कुमार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। ‘द राजा साहब’ हॉरर-कॉमेडी और एक्शन का अनोखा मिश्रण पेश करती है, जो दर्शकों को एक अलग सिनेमैटिक अनुभव देने का दावा करती है।